सिद्धौर। कोठी थाना क्षेत्र के उस्मानपुर गांव में शनिवार को सगे भाइयों के बीच बोरिंग करवाने की जगह को लेकर चल रहा विवाद गंभीर घटना में बदल गया। विवाद पर पुलिस भी गांव पहुंची, लेकिन जब पुलिस लौट आई, तो कहासुनी के दौरान क्षुब्ध बड़े भाई ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। देखते ही देखते वह बुरी तरह झुलस गया।
उस्मानपुर गांव निवासी नागेश्वर (55) का अपने भाई शंकर और भतीजे सोनू से बोरिंग कराने की जगह को लेकर विवाद था। नागेश्वर का आरोप था कि शंकर और सोनू उनकी दीवार से सटाकर बोरिंग करवा रहे थे, जिससे दीवार गिरने की आशंका है। उन्होंने कोठी पुलिस से शिकायत भी की थी।
शनिवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने भी बोरिंग करने से मना नहीं किया। जिससे आहत नागेश्वर घर पहुंचे और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। वह आग लगने के बाद घर के पास सड़क पर गिर गए।
उसकी पत्नी, बेटियां पल्लवी, काजल, सोनम और बेटा पवन ने आग बुझाई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर पुलिस ने पहले कार्रवाई की होती, तो पिताजी यह कदम नहीं उठाते। गांववालों के अनुसार, नागेश्वर लखनऊ में मजदूरी करते थे और शुक्रवार को घर वापस आए थे।
.......................
पौन घंटा नहीं पहुंची पीआरवी व एंबुलेंस
घटना के बाद पुलिस के लिए 112 पर काल करने के बाद भी लगभग 45 मिनट तक पुलिस नहीं पहुंची। 108 नंबर मिलाया मगर पौने एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं आई। ऐसे में ग्रामीणों ने निजी वाहन से उनको सीएचसी कोठी पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस गई थी। यदि नागेश्वर संतुष्ट नहीं था तो उसे बताना चाहिए था। जांच की जा रही है।