बाराबंकी। जिले की मेधावी बेटियों को जल्द ही रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत स्कूटी मिलने की उम्मीद है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों की पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय स्तर पर करीब 3,700 छात्राओं की सूची तैयार की गई है। इस पर फिलहाल मंथन जारी है।
जिले में 98 महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें दो राजकीय, दो अनुदानित और 94 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय हैं। योजना के तहत पात्र छात्राओं का डेटा और मेधा सूची विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से तैयार कर रहा है।
योजना में विश्वविद्यालय स्तर पर पांच प्रतिशत सर्वोच्च अंक हासिल करने वाली टॉपर छात्राओं को पहली वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित परिवारों की मेधावी बेटियों को भी चयन में विशेष प्राथमिकता मिलेगी।
विश्वविद्यालय की ओर से तैयार सूची में बाराबंकी की कितनी छात्राएं शामिल हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अब तक जिलेवार सूची सार्वजनिक नहीं की है। अंतिम सूची जारी होने के बाद ही जिले की छात्राओं की संख्या साफ हो सकेगी। इसके बाद भव्य कार्यक्रम में चयनित छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी।
योजना का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी उच्च शिक्षा को सुगम करना है। स्कूटी मिलने से ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से कॉलेज आने वाली छात्राओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।