बाराबंकी। एक जून को खत्म हो रहे नौतपा के आखिरी दौर में शुक्रवार को सूरज की तपिश ने सभी को खूब तपाया। पारा 45 डिग्री पहुंच जाने से शुक्रवार पिछले पांच साल में जिले में सबसे गर्म दिन बना। इस दौरान शहर से लेकर गांव तक सभी का जीना मुहाल रहा। इस दौरान तपिश व गर्मी के कारण ड्यूटी पर मौजूद एक दरोगा व गर्मी से बेहोश हो कर सड़क पर गिरे एक मजदूर की मौत हो गई।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र में खेत में आग लगने की सूचना पर गर्मी में दो किलोमीटर तक पैदल चलकर पहुंचा एक दरोगा अचानक गश खा कर गिर पड़ा। हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हरदोई जिले के बेल्टा गोकुल गांव निवासी दरोगा अनिल कुमार शुुक्ला (54) रामनगर कोतवाली क्षेत्र में यूपी 112 की पीआरवी में तैनात थे। इस हादसे से दरोगा का हेड कांस्टेबल पुत्र व पत्नी गहरे सदमे में हैं। शुक्रवार को दिन में तीन बजे परसिया व कुम्हरवा गांव के पास गन्ने की खेत में आग की सूचना पाकर सिपाही कमलेश मौर्य व चालक संतोष कुमार के साथ निकले थे। घटनास्थल तक गाड़ी के ना जा पाने के कारण वह तेज धूप में पैदल ही करीब दो किमी चलकर वापस लौटे तो उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में कई बार उन्हें उल्टियां भी हुई।
गर्मी से मौत की दूसरी घटना देवा कोतवाली क्षेत्र में बिशुनपुर पुलिस चौकी से दो सौ मीटर दूर हुई। यहां तेज धूप व गर्मी के कारण सड़क किनारे एक मजदूर की अचानक हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस बेहोश मजदूर को सीएचसी ले कर पहुंची जहां परीक्षण बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। देवा के कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस मृतक मजदूर की शिनाख्त की कोशिश कर रही है। उसके शरीर पर कहीं भी किसी भी चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।
उधर, जिले में भीषण गर्मी ने पिछले पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया जबकि न्यून्तम तापमान भी 31 डिग्री मौसम विभाग ने फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं दिए हैं। 24 मई से शुरू हुआ नौतपा 1 जून को खत्म हो रहा है। लेकिन, नौतपा के आठवें दिन शुक्रवार को सूरज की तपिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विभाग के मुताबिक पांच साल पहले 31 मई को तापमान 44 डिग्री रहा था। जबकि, 31 मई को जिले में पारा 45 डिग्री पहुंच गया।