बाराबंकी। जीवनरक्षक दवाएं भी जांच में अधोमानक मिल रही हैं। शहर के एक मेडिकल स्टोर से लिया गया एक दवा का नमूना जांच में अधोमानक पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद औषधि निरीक्षक (डीआई) ने विक्रेता और निर्माता को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि शहर की लइया मंडी स्थित आभा डिस्ट्रीब्यूटर से टेबलेट का नमूना जांच के लिए भेजा गया था। लखनऊ की प्रयोगशाला में हुई जांच में दवा अधोमानक पाई गई। विश्लेषक के अनुसार टेबलेट में 90 से 110 प्रतिशत दवा होनी चाहिए। परीक्षण में दवा की मात्रा महज 83.06 प्रतिशत ही पाई गई जो अधोमानक की श्रेणी में आती है। डीआई ने बताया कि अधोमानक मिली दवा के विक्रेता प्रदीप कुमार जैन और उज्जैन की निर्माता कंपनी को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया है।