बाराबंकी। गर्मी में इलाज को पहुंचे मरीजों को पसीना छूट गया। भीड़ इतनी ज्यादा रही कि ओपीडी के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहीं और घंटों इंतजार के बाद इलाज मिल सका। डॉक्टर को दिखाने और दवाई लेने में ही मरीजों का काफी समय बीत गया। दोपहर बाद जब मरीज जांच कराने पहुंचे तो समय समाप्त होने की बात कहकर मरीजों को लौटा दिया गया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 2589 मरीज देखे गए। इनमें सर्दी, जुकाम, बुखार के 412, बदन दर्द के 307, पेट दर्द के 205, हड्डी रोग के 318, त्वचा रोग के 359 मरीज देखे गए। मनीराम, शाहिदा, मैसरजहां, कामराज, गोपाल ने बताया कि धूप से बचाव के लिए वे लोग सुबह नौ बजे आकर परचा बनवाने के लिए लाइन में लग गए थे।
दो घंटे बाद परचा बन सका। डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में दो बज गए। वे लोग जब जांच कराने पहुंचे तो कहा गया कि अब समय निकल गया है, अगले दिन आना। इस तरह से कई मरीज बिना जांच कराए ही वापस लौट गए। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव की वजह से सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज इन दिनों सबसे ज्यादा आ रहे हैं।
बाहर से करा रहे अल्ट्रासाउंड जांच
जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की जांच कराने आई सौम्या, मोहित, माया देवी, रामसुचित ने बताया कि चिकित्सकों ने जांच की सलाह दी थी। जांच कराने पहुंचे तो पता चला की यहां चिकित्सक ही नहीं हैं। इस पर हम लोगों को बाहर से जांच करानी पड़ी। डॉक्टर के अवकाश पर होने की वजह से पिछले एक सप्ताह से जिला अस्पताल में मरीजों की अल्ट्रासाउंड की जांच नहीं हो पा रही है।