बाराबंकी। तहसील क्षेत्र के शुक्लन पुरवा हथौंधा स्थित शिव-हनुमान मंदिर रामलीला परिसर में सात दिवसीय श्रीराम महायज्ञ एवं मानस संत सम्मेलन का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। भंडारे में दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक विवाह समारोह रहा।
द्वारचार के दौरान बारात की पारंपरिक अगवानी मुख्य अतिथि राज्यमंत्री सतीश शर्मा एवं अपर जिला न्यायाधीश व विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ज्ञान प्रकाश शुक्ला ने की। वैदिक ब्राह्मणों के सस्वर मंत्रोच्चार और शास्त्रोक्त विधि-विधान के बीच पांच कन्याओं का सामूहिक विवाह संपन्न कराया गया।
वेद मंत्रों की गूंज और मंगलगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। विवाह के बाद नवदंपत्तियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान व उपहार प्रदान कर आशीर्वाद दिया गया। इस अवसर पर दिलीप दुबे, अखिलेश चतुर्वेदी, अवधेश श्रीवास्तव, विवेक तिवारी, मधुकर तिवारी, प्रधान मोहित सिंह, परसराम रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुनि के आगमन का वार्षिकोत्सव, पालकी यात्रा निकाली : फतेहपुर। भगवान अनंतनाथ एवं भगवान मुनि सुब्रतनाथ के नगर आगमन के प्रथम वार्षिकोत्सव पर बृहस्पतिवार को फतेहपुर नगर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में प्रातः काल पंचामृत अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। पूजा-अर्चना के बाद भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जो बड़े मंदिर से शुरू होकर छोटे मंदिर तक पहुंची और पुनः बड़े मंदिर में आकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस मौके पर यशवंत जैन, अतुल जैन, संदीप जैन, मेहुल जैन, टीनू जैन, कामना जैन, उमंग जैन सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।