फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: 10 दिन तक पेड़ से बांध कर की झाड़-फूंक, विवाहिता की मौत

Mon, 03 Aug 2026 11:44 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र के ग्वारी निवासी निवासी विवाहिता रूबी (35) की सोमवार शाम देवा कस्बे की एक मजार पर झाड़-फूंक के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि मानसिक बीमारी के इलाज के नाम पर उसे मजार के पास एक पेड़ से बांधकर रखा गया, जहां कथित तौर पर लगातार झाड़-फूंक कराई जाती रही। इस दौरान वह भूखी प्यासी भी रही। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने पति, कथित बाबा और अन्य पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार गोमतीनगर के ग्वारी निवासी अंकित यादव अपनी पत्नी रूबी को उसकी मां के साथ करीब दस दिन पहले देवा की मजार पर लेकर आए थे। परिजनों का कहना है कि रूबी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और कई बार उग्र व्यवहार करने लगती थी। इसी वजह से कथित तौर पर उसे पेड़ से बांधकर रखा गया और झाड़-फूंक का सिलसिला लगातार चलता रहा। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे रूबी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उनको सीएचसी देवा ले जाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर जिले के अटरिया क्षेत्र निवासी मृतका के पिता प्रमोद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने देवा कोतवाली में तहरीर देकर झाड़-फूंक करने वाले कथित बाबा मुन्ना, दामाद अंकित यादव और उसके परिजनों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाज के नाम पर रूबी के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। देवा के प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला झाड़-फूंक के दौरान महिला की मौत का है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें