बाराबंकी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक बुधवार को संपन्न हुई। डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों से जुड़े सभी प्रकरणों का पारदर्शी तरीके से समय से निस्तारित करने का आदेश दिया। उन्होंने औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का ढिलाई बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। डीएम ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़कों पर बाजार नहीं लगेगी। इसका गंभीरता से पालन हो।
वाणिज्य बंधु की समीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन और अतिक्रमण पर विस्तार से चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि साप्ताहिक शट्टी बाजार केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाई जाए, ताकि मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति न बने। ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए प्रमुख चौराहों पर निश्चित पिक-अप पॉइंट बनाने तथा परिवहन निगम की बसों को अनधिकृत स्थानों पर रोकने पर पाबंदी लगाने के आदेश दिए। इसके साथ ही, नगर क्षेत्र में लटकते बिजली के तारों को समय से दुरुस्त करने की बात कही।
उद्योग बंधु की बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर आए आवेदन और औद्योगिक क्षेत्र के बुनियादी विकास कार्यों की प्रगति जानी। यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में सड़क, विद्युत कार्य, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, फायर स्टेशन और सौंदर्यीकरण के कार्यों की समीक्षा की गई। माती औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी के लिए नाला निर्माण पर चर्चा हुई। गर्मी में होने वाली आग की घटनाओं को लेकर अग्निशमन विभाग को सतर्क रहने को कहा। प्रमुख प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने की हिदायत भी दी गई।इस मौके पर एएसपी उत्तरी विकास चन्द्र, जॉइंट मजिस्ट्रेट एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।