रायबरेली। दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में घरों को सजाने के लिए तरह-तरह के सामान उपलब्ध हो गए हैं। कृत्रिम फूलों की लड़ियां, मोती की झालर और आकर्षक बंदवार ग्राहकों को लुभा रही हैं। लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार सजावटी सामान की खरीदारी कर रहे हैं। इस बार बाजार में राजस्थानी बंदवार की मांग अधिक है।
बाजार में गजरा और फूलों की लड़ियां 10 नग के सेट में 50 से 180 रुपये तक में उपलब्ध हैं। मोती और फूलों वाली लड़ियों के 10 नग के सेट की कीमत 80 से 180 रुपये है। वहीं, गेंदा लड़ी 40 से 120 रुपये तक में मिल रही है। इनका इस्तेमाल घरों की दीवारों और दरवाजों को सजाने में किया जा रहा है।
सजावट के लिए राजस्थानी बंदवार भी ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। इनकी कीमत 60 से 150 रुपये तक है। वहीं, मोती से सजी बंदवार 60 से 450 रुपये तक में उपलब्ध हैं। इन्हें मुख्य द्वार और दीवारों पर लगाया जा सकता है। इसके अलावा फूलों के गुच्छे भी बाजार में कई आकार और डिजाइन में मौजूद हैं। इनकी कीमत 35 से 700 रुपये तक है। इनसे घर के कोनों और मंदिरों को सजाया जा सकता है।
रामकृपाल तिराहा के दुकानदार मयंक पांडेय और इंदिरा नगर के दुकानदार संजय श्रीवास्तव ने बताया कि दिवाली को लेकर बाजार में उत्साह है। लोग बंदवार और अन्य सजावटी सामान खरीदने पहुंच रहे हैं। इस बार खासकर राजस्थानी बंदवार की मांग अधिक है। दुकानदारों को त्योहार के नजदीक आने के साथ खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है।