बाराबंकी। लॉकडाउन के बीच हफ्तों बाद तय फार्मूले के तहत गुरुवार को बाजार खोलने की पुलिस-प्रशासन की कोशिश सफल नहीं हो सकी। शहर में सुबह से बाजार में भीड़ जुटने लगी। प्रशासन की एडवाइजरी का पालन तो दुकानों पर जुटी भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग फेल दिखी। दोपहर बाद तक हालात बेकाबू होते देख सख्त हुई पुलिस ने दुकानें बंद करने की घोषणा की। इसके बाद भी शटर गिराकर सामान बेच रहे प्रतिष्ठानों पर पुलिस ने लाठियां फटकारीं।
जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बुधवार को व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजार खोलने को लेकर एक फार्मूला बताया। उसके तहत दुकानें खोलने के नियमों का पालन कराने के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की। गुरुवार सुबह दुकानदारों ने प्रशासन की हिदायत के तहत अपने प्रतिष्ठान खोलने शुरू कर दिए। दुकानें खुलने के साथ ही बाजार में खरीदारी की भीड़ जुटने लगी। सिटी चौकी क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए पर घंटाघर के इलाके को छोड़कर शहर के अन्य बाजार गुरुवार 10 बजे तक गुलजार हो गए। खरीदारों के साथ दुकानदार भी सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी कर अपने कारोबार में जुट गए। भीड़ को देखते हुए पहले तो डॉयल 112 के पुलिस कर्मी पुलिस एडवाइजरी का पालन कराने निकले।
इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं दिखा तो शहर की दुकाने बंद कराने की पुलिस ने घूम-घूम कर घोषणा की। दोपहर करीब एक बजे तक शहर के अधिकांश बाजार बंद करा दिए गए। इस दौरान छाया चौराहा, नाका सतरिख से लेकर लखपेड़ाबाग, दशहराबाग, स्टेशन रोड पर कई दुकानदार आधा शटर खोल कर कारोबार कर रहे थे। इसकी जानकारी पर सख्त हुई पुलिस ने कई स्थानों पर लाठियां फटकारीं। वहीं शहर के मुख्य मार्ग पर कई होटल व ठेलों पर लोग छोला, पूड़ी व समोसा के चटकारे लेने के लिये सोशल डिस्टेंसिंग तोड़ते नजर आए। शहर के धनोखर इलाके में एक कारोना पॉजिटिव मिलने के बाद चौराहे से आवागमन रोक दिया गया है। निगरानी के लिए महिला आरक्षी मुस्तैद की गई हैं।