महादेवा (बाराबंकी)। श्रावण मास की शुरुआत 22 जुलाई से होगी। साथ ही श्रीलोधेश्वर महादेव की धरती महादेवा पर मेले का आगाज भी हो जाएगा। इसमें बाराबंकी के साथ आसपास के कई जनपदों के अलावा देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। मेले में श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
22 जुलाई को सोमवार से ही सावन माह की शुरुआत होगी और सोमवार को ही समापन होगा। सावन में कुल पांच सोमवार का योग है। इस दिन सुबह 5: 37 से रात्रि 10: 21 तक सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। पंडित वीरेंद्र शास्त्री बताते हैं कि प्रीति योग जो 21 जुलाई को रात्रि 9:11 पर शुरू होगा और 22 जुलाई को शाम 5:58 पर समाप्त होगा। तीसरा योग आयुष्मान योग है, जो शाम 5: 58 से आरंभ होकर 23 जुलाई को दोपहर 2:36 पर समाप्त होगा।
पृथ्वी पर वास करते हैं देवगण
सावन मास में भगवान शिव की पूजा करने पर जीवन में सुख-संपन्नता आती है। इसके अलावा ऐसी मान्यता है कि देवी पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर व्रत, उपवास करके भगवान शिव को श्रावण माह में ही दोबारा से पाया। विष्णु, ब्रह्मा, इंद्र, शिवगण आदि सभी श्रावण में पृथ्वी पर ही वास करते हैं और सभी अलग-अलग रूपों में अनेकों प्रकार से शिव की आराधना करते हैं।
चप्पे-चप्पे पर रहेगा पुलिस का पहरा
सीओ आलोक कुमार पाठक ने बताया कि मेले के दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। इसमें एक एएसपी, पांच सीओ, आठ एसएचओ, 15 इंस्पेक्टर, 100 दरोगा, 450 हेड कांस्टेबल, चार महिला दरोगा, 70 महिला आरक्षी 90 होमगार्ड, पांच यातायात पुलिस के दरोगा, 10 सिपाही, दो एंबुलेंस के साथ डॉग स्क्वॉड व बम निरोधक दस्ता मुस्तैद रहेगा। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी, ड्रोन कैमरा, 30 सीसीटीवी, फायर ब्रिगेड व एक प्लाटून फ्लड एसडीआरएफ मुस्तैद रहेगी।
डेढ़ हजार से अधिक लगेंगी दुकानें
एसडीएम पवन कुमार ने बताया कि महादेवा मेले में डेढ़ हजार से अधिक दुकानें सजेंगी। जहां से श्रद्धालु सामान खरीद सकेंगे। सावन मेले में दुकान लगाने पर दुकानदारों की छूट रहेगी, इसके बाद कॉरिडोर का काम शुरू कर दिया जाएगा।