बाराबंकी। हैदरगढ़ में सोने के जेवर के बदले ऋण देने वाली आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर असिस्टेंट मैनेजर व एक कर्मचारी ने ही एक तीसरे व्यक्ति के माध्यम से चोरी कराए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर सोना बरामद कर लिया।
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि हैदरगढ़ स्थित आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड कंपनी सोने के बदले ऋण देती है। शुक्रवार को कंपनी के एरिया मैनेजर पश्चिम बंगाल के चांदपुर उत्तर चौबीस निवासी निहार विश्वास ने तहरीर देकर बताया था कि कंपनी के कार्यालय में पैकेट मिलान का कार्य शाखा के प्रमुख शुभम मौर्य की देखरेख में असिस्टेंट मैनेजर आकाश मिश्रा व कर्मचारी विकास सिंह की ओर से किया जा रहा था।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ग्रिल के अंदर हाथ डालकर सोने के कुछ पैकेट लेकर चला गया। केस दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलीजेंस व डिजिटल डेटा की मदद से असंद्रा के शेषपुर गांव निवासी असिस्टेंट मैनेजर आकाश मिश्रा, सुबेहा के ताला गांव निवासी विकास सिंह व क्षेत्र के ही शिवराजपुर गांव निवासी प्रभाकर तिवारी को गिरफ्तार कर इनके पास से सोने के जेवर बरामद कर लिए। हैदरगढ़ कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी के अनुसार सोना बेचने की तैयारी थी।