गुडंबा। बाराबंकी के सुबेहा में तैनात बिजली के अवर अभियंता अश्वनी कुमार वर्मा से लूट करने वाले ई रिक्शा चालक को मड़ियांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वारदात में उसके साथ शामिल दो किशोर भी पकड़े गए हैं। दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से आईआईएम रोड सर्विस रोड से मड़ियांव के हरिओमनगर निवासी सुमित को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूट के दो मोबाइल फोन, 3,100 रुपये और ई रिक्शा बरामद किया है। उसने वारदात में शामिल दो किशोरों के बारे में बताया। इसके बाद उन्हें भी पकड़ा गया।
सुमित ने बताया कि वह दिन में हरिओम नगर में रहकर साइकिल रिपेयरिंग करता है और रात में ई रिक्शा चलाता है। उसके दो नाबालिग साथी सवारी बनकर पहले से रिक्शे में बैठे रहते थे। जैसे ही कोई अकेला यात्री ई रिक्शा में बैठता, आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर लूट लेते थे। आरोपियों ने तीन वारदातें अंजाम देने की बात कबूली है। सुमित मूल रूप से सीतापुर के कमलापुर स्थित ज्योतिसाह आलमपुर का रहने वाला है।