देवा (बाराबंकी)। आदर्श नगर पंचायत देवा में जलापूर्ति करने वाली मुख्य लाइन फट गई। जानकारी होने पर नगर पंचायत ने मरम्मत शुरू कराई है। पाइप फटने के कारण शाम तीन बजे से पूरे कस्बे की पेयजल आपूर्ति रोक दी गई। वहीं मरम्मत के चलते 48 घंटे तक पूरे कस्बे में आपूर्ति ठप रहने का अनुमान है। ऐसे में करीब 25 हजार आबादी को पेयजल संकट से जूझना पड़ेगा।
नगर पंचायत देवा के कुल 12 वार्डों में पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइप लाइन काफी जर्जर हो चुकी है, जिसके चलते आए दिन लाइन में खराबी की समस्या बनी रहती है। शुक्रवार को कुर्सी रोड पर मनसा स्वीट्स के सामने मुख्य पाइप लाइन फट गई। देखते ही देखते सड़क पर तेजी से पानी बहना शुरू हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना नगर पंचायत के अधिकारियों को दी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरे कस्बे की पानी आपूर्ति रोक दी गई। फिर जेसीबी लगाकर सड़क की खोदाई कराई गई और मरम्मत शुरू कराई गई है।
मेन लाइन फटने के कारण पूरी पाइप लाइन बदली जाएगी, जिसके चलते मरम्मत होने में करीब दो दिन लगने का अनुमान लगाया जा रहा है। अध्यक्ष हारुन वारसी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइप को बदलने में मैकेनिकों को दो दिन लग सकते हैं। इस दौरान कस्बे की पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। हालांकि कस्बेवासियों की सुविधा को देखते हुए कस्बे के हैंडपंपों की मरम्मत पूर्व में ही करा ली गई है और जहां आवश्यकता दिखेगी, वहां पर टैंकर लगाकर पानी की आपूर्ति कराई जाएगी।