बाराबंकी। बहुचर्चित एलयूसीसी चिटफंड कंपनी मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कुर्की का नोटिस जारी करने की कार्रवाई की है। एलयूसीसी चिटफंड कंपनी द्वारा निवेशकों से करोड़ों रुपये ऐंठकर फरार होने के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने जालौन जिले में पहुंचकर आरोपी के घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा किया।
निवेश के नाम पर कंपनी द्वारा ठगी करने के करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। पहला मामला बदोसराय कोतवाली में दर्ज हुआ था। जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी से जुड़े आरोपी प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन कुछ नाम अब भी फरार सूची में शामिल हैं। इन्हीं फरार आरोपियों में जालौन जिले के निवासी शबाब हुसैन रिजवी का नाम भी शामिल है। वह न्यायालय द्वारा जारी कई नोटिसों के बावजूद पेश नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई शुरू की है। इंस्पेक्टर जयप्रकाश यादव की टीम ने जालौन के मोहनपुरा कबाड़ी मार्केट, थाना उरई क्षेत्र में पहुंचकर आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यदि आरोपी शीघ्र न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होता है तो आगे की प्रक्रिया के तहत संपत्ति जब्ती और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तय की जाएगी।