बड्डूपुर(बाराबंकी)। परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प होने के बाद भी इसमें प्रवेश लेने वाले बच्चों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं हो पा रही है। विकास खंड निन्दूरा के परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुपात में उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षक- शिक्षिकाओं की संख्या काफी ज्यादा हो जाना अब विभाग की परेशानी बढ़ाने लगा है।
राजधानी लखनऊ का सीमावर्ती ब्लॉक होने के कारण यहां के विद्यालयों में तैनाती कराने के लिए लखनऊ समेत आस-पास शिक्षक-शिक्षिकाओं में होड़ रहती है। लेकिन स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए नए बच्चों का दाखिला कैसे कराया जाए, इसे लेकर शिक्षकों में उदासीनता रहती है। इसके चलते ही नए शिक्षा सत्र में इलाके में संचालित स्कूलों में नए बच्चों का दाखिला उम्मीद से काफी कम हुआ है।
शिक्षा सत्र 2024-25 में ब्लॉक क्षेत्र के कक्षा एक से पांच तक के स्कूलों में बच्चों की संख्या 16,480 व कक्षा छह से आठ तक 10,331 थी । नवीन सत्र 2025-26 के पहले दस दिन खत्म होने के बाद भी नए बच्चों के नामांकन का कार्य काफी धीमी रफ्तार से हो रहा है। बच्चे कम होने से अब यहां तैनात शिक्षक-शिक्षिकाओं में भी अपना तबादला दूसरे स्कूलों में हो जाने की चिंता सताने लगी है।
स्कूलों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए अब शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करने में भी जुटे हैं। बीईओ निंदूरा सुषमा सेंगर ने बताया कि स्कूलों में नए बच्चों का नामांकन बढ़ाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।