अयोध्या में भव्य राममंदिर बनने के साथ ही इसके मॉडल की मांग तेजी के साथ बढ़ी है। इसी को देखते हुए रजौली में मधुमक्खीवाला समूह से जुड़ी महिलाओं को भी मंदिर का मॉडल बनाने का अवसर मिला है। संस्था से जुड़ीं सरिता अग्रवाल ने इसकी शुरुआत की है। लखनऊ से मीडियम डेंसिटी फाइबरबोर्ड की लेजर कटिंग कराकर मंदिर का मॉडल तैयार करने के लिए महिलाओं के पास भेजा जाता है, जहां महिलाएं इन्हें आपस में जोड़कर मंदिर का तीन मंजिला भव्य थ्रीडी स्वरूप तैयार करती हैं। इसके बदले महिलाओं को प्रति मॉडल 25 से 30 रुपये का भुगतान किया जाता है। मंदिर का स्वरूप तैयार करने में 30 महिलाएं जुटी हैं। सुमित्रा, पुष्पा, गोल्डी, कोमल, सौम्या व छोटी ने बताया कि राममंदिर को घर-घर पहुंचाने का अवसर मिलना ही सौभाग्य की बात है।
600 से 1000 में मिलता है मॉडल
रजौली में तैयार होने वाला राममंदिर का थ्री डी मॉडल 600 से 1000 रुपये में मिल रहा है। लखनऊ के हजरतगंज में इसकी खुदरा बिक्री होती है। मधुमक्खीवाला के संस्थापक निमित सिंह और शेखर राममंदिर मॉडल को श्रीराम ज्योति (दीपक) के साथ पैक करवाकर डिमांड के अनुसार अलग-अलग प्रांतों व शहरों में भेजते हैं।
यहां से मिले ऑर्डर
राममंदिर के थ्रीडी मॉडल के लिए जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, प्रयागराज, तमिलनाडु से सबसे ज्यादा मांग आ रही है।