बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सेवंथ डे पब्लिक स्कूल जूनियर क्रिकेट लीग का शानदार आगाज हुआ। पहला मुकाबला लॉर्ड बालाजी क्रिकेट एकेडमी ने जीत लिया। बेतहरीन बल्लेबाजी के लिए सम्राट तिवारी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में चार टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
सोमवार को टूर्नामेंट का पहला मुकाबला केडी सिंह बाबू स्टेडियम बी और लॉर्ड बालाजी क्रिकेट एकेडमी के बीच में खेला गया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। स्टेडियम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 विकेट खोकर 148 रन बनाए। इसमें शशांक कोरी ने 36 रन एवं अनुज वर्मा ने 35 रनों की शानदार पारी खेली। लॉर्ड बालाजी क्रिकेट एकेडमी की तरफ से गेंदबाजी करते काव्यांश चौहान ने तीन और भास्कर ने दो विकेट लिए।
जवाब में उतरी लाॅर्ड बालाजी क्रिकेट अकादमी की टीम के खिलाड़ी सम्राट तिवारी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 70 रन बनाए। टीम ने 33.5 ओवर में 149 रन लक्ष्य प्राप्त कर मुकाबले में अपनी जीत दर्ज की। केडी सिंह बाबू स्टेडियम की तरफ से सर्वाधिक तीन विकेट निशांत राय ने लिया। बाराबंकी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अख्तर अजीज खान ने सम्राट तिवारी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन सेवंथ डे स्कूल के प्रबंधक आफाक अली ने किया। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष तारिक जिलानी, सचिव डॉक्टर जावेद आदि मौजूद रहे।