बाराबंकी। जिले में करीब 14 करोड़ रुपये से बनाए गए अंतरजनपदीय बस स्टेशन पर सन्नाटा रहता है। यहां से न तो पर्याप्त बसों का संचालन हो रहा है और न ही लंबी दूरी की बसें यहां ठहरती हैं। लखनऊ-अयोध्या हाईवे से गुजरने वाली लंबी दूरी की बसें स्टेशन पर पर नहीं आती हैं। गोरखपुर जाना हो या दिल्ली, लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर चौपुला के पास यात्री बस का इंतजार करते हैं। एक तरह से चौपुला बस स्टेशन बन गया है, लंबी दूरी की बसें यहीं सवारी उतार कर चली जाती हैं।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चलने वाली करीब 300 रोडवेज बसें अंतरजनपदीय बस स्टेशन नहीं आती, हाईवे से ही गुजर जाती हैं। जिससे बस स्टेशन में सन्नाटा रहता है। वहीं यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त भाड़ा खर्च कर शहर से दूर हाईवे तक दौड़ लगाने की परेशानी उठानी पड़ रही है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चलने वाली बसों के बाराबंकी शहर से होकर गुजरने के निर्देश हैं, इसके बावजूद चालक-परिचालक की मनमानी के कारण यह बसें बाईपास से होकर शहर के बाहर से चौपुला होकर गुजर जाती है।
बृहस्पतिवार को बारिश के बावजूद बसों का इंतजार करते परेशान दिखाई दिए। कोई लखनऊ, कानपुर, दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था तो किसी को अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर की बसों का इंतजार था। एआरएम संजीव कुमार का कहना है कि लखनऊ-अयोध्या हाईवे से गुजरने वाली बसों को अंतरजपदीय बस स्टेशन से होकर जाने के लिए निर्देशित किया गया है। रिमाइंडर भेजा जाएगा। इसके बाद भी निर्देश का पालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी।