बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार शाम लापता हुई किशोरी व बालिका की लोकेशन दिल्ली में मिली है। दोनों की उम्र 12 और 15 वर्ष बताई जा रही है। दोनों के संदिग्ध हालात में दिल्ली पहुंचने की जानकारी के बाद उन्हें वापस लाने के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना की गई है।
जन्माष्टमी की रात गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी 12 वर्षीय और उनके साले की 15 वर्षीय बेटी रामनगर गई थीं, लेकिन वहां से दोनों लापता हो गईं। पुलिस ने तलाश शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालकर किशोरी व बालिका के बारे में जानकारी जुटाई गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाश के दौरान किशोरी ने अपने पिता से फोन पर संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो उसके दिल्ली में होने की जानकारी मिली। लोकेशन मिलते ही रामनगर कोतवाली से एक सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीम दिल्ली भेजी गई।
रामनगर की सीओ गरिमा पंत ने बताया कि पुलिस टीम किशोरी व बालिका को दिल्ली से लाएगी। यहां पूछताछ के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।