बाराबंकी। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्रों पर लगाए जाने वाले शिक्षकों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। अब बोर्ड की ओर से रैंडमाइजेशन के आधार पर ड्यूटी लगाई जाएगी।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 23 फरवरी से शुरू होनी हैं। इसके लिए जिले में 106 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जानी है। इसके लिए बोर्ड की ओर से हर राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालय के शिक्षकों का ब्योरा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। इसमें पूर्व में दर्ज ब्योरे में से सेवानिवृत्त, मृत या स्थानांतरित हो चुके शिक्षकाें की सूचना हटाई जानी थी।
इसके लिए डीआईओएस ओपी त्रिपाठी की ओर से सभी विद्यालयों को स्वयं सूचना अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। विद्यालयों की ओर से ब्योरा अपलोड कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जनवरी में बोर्ड परीक्षा केंद्रों के लिए ड्यूटी निर्धारित कर दी जाएगी।