बाराबंकी। लखनऊ के एक शराब कारोबारी से शराब दुकान के लाइसेंसधारक व उसके सहयोगियों द्वारा 4.62 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शहर कोतवाली पुलिस ने लाइसेंसधारक महिला, उसके पति व लखनऊ के एक दूसरे शराब कारोबारी पर आपराधिक साजिश रचने, धोखाधड़ी व दुकान के आवंटन में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
लखनऊ के हुसैनगंज निवासी शराब के थोक कारोबारी अशोक कुमार जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका गोदाम बाराबंकी शहर के गयासनगर मोहल्ले में है। सहेलिया गांव निवासी गोमती देवी के नाम से कुर्सी में शराब की दुकान का लाइसेंस है। जिसका संचालन गोमती देवी के पति रमेश यादव व लखनऊ के निजामपुर मल्हौर निवासी संदीप जायसवाल करते हैं। आरोप लगाया कि बीते साल अप्रैल से अक्तूबर तक इन लोगों ने चार लाख 62 हजार 265 रुपये की शराब की आपूर्ति करवाई।
लेकिन इनके द्वारा जो चेक दिए गए, वह बाउंस हो गए। इन लोगों ने लाइसेंस पाने के लिए चरित्र प्रमाणपत्र देकर शर्तों का उल्लंघन किया। क्योंकि आबकारी विभाग ने इनके खिलाफ कुर्सी थाने में मिलावटी शराब व क्यूआर कोड बनाने के संबंध में पिछले साल ही धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।