बड्डूपुर। सिपहिया गांव में बुधवार रात ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली का फाल्ट ठीक कर रहे राजबली पुरवा निवासी निजी लाइनमैन मोहम्मद वसीम (28) की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार वसीम बिजली विभाग के लाइनमैन के साथ दिहाड़ी पर काम करता था।
बुधवार शाम सिपहिया गांव की बिजली लाइन में फाल्ट आने पर ग्रामीणों ने वसीम को बुलाया था। वह ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा था, तभी करंट लगने से नीचे गिर पड़ा। ग्रामीण उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
एसडीओ बिजली अमरजीत ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। यह भी जांच होगी कि वसीम लाइनमैन के साथ किस रूप में काम करता था और उसे ट्रांसफार्मर पर फाल्ट ठीक करने की अनुमति किस स्तर से मिली थी।