बाराबंकी। बारिश के दौरान कोतवाली बदोसराय के मरकामऊ तिराहे के समीप चौकाघाट मार्ग पर संचालित एक किसान सेवा केंद्र पर बिजली गिरने से डीजल टैंक का ढक्कन टूट गया। इससे एक बड़ा हादसा होने से तो बच गया लेकिन टैंक में भरा डीजल सड़क पर बहने लगा।
रविवार की आधी रात के बाद हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से डीजल टैंक के बॉक्स का ढक्कन टूटने के बाद सड़क पर बहता डीजल देख मुंशी पुरवा व मरकामऊ बरदरी के ग्रामीण डिब्बा डिब्बे बाल्टी लेकर डीजल को भरने में जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर मौके से हटाया। कोटवाधाम क्षेत्र में भी तेज गरज के साथ हुई बारिश के दौरान ढेकवा माफी गांव में शनि सिंह के दरवाजे पर लगे एक बबूल के पेड़ पर भी बिजली गिरने से पेड़ ऊपर से टूट गया। संवाद