- दोनों गंभीर रूप से जख्मी, वन विभाग की टीम ने शुरू की कॉम्बिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहरा (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के अहिबनापुर गांव में बुधवार को दो किसानों पर तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वह पास के ही खेत में घुस गया। पुलिस व वन विभाग की टीम ने खेतों में मिले पग चिह्नों की जांच करने के साथ कॉम्बिंग शुरू कर दी है।
गांव में बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक लड़के को तेंदुआ दिखा। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इतने में खेत में घास काट रहे धनीराम (35) पर तेंदुए ने हमला कर दिया। चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण पहुंच गए। तब तक तेंदुआ पास के खेत में घुस गया। इसके बाद कुछ ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ खेत में घुस गए। आहट मिलते ही तेंदुए ने जगजीवन (44) पर भी हमला बोल दिया। यह देख सभी भाग खड़े हुए। गंभीर रूप से घायल दोनों किसानों को उपचार के लिए सीएचसी सूरतगंज भेजा गया। धनीराम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डीएफओ रुस्तम परवेज ने बताया कि गांव वालों को सतर्क रहने के लिए भी कहा गया है।