बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर तहसील में तैनात लेखपाल ज्ञान प्रकाश पांडेय को किसान से पैमाइश के नाम पर ऑनलाइन 22 हजार रुपये रिश्वत लेने और किसान की फसल को जोतवा देने के मामले में निलंबित कर दिया गया है।
सरयू नदी के उस पार माझा रायपुर गांव निवासी किसान तिलक राम ने शिकायत की थी कि लेखपाल ने उनके खेत में लगी गन्ने की फसल को बिना किसी आदेश के जोतवा दिया। किसान ने बताया कि लेखपाल ने पैसे की मांग की थी और पैसे न देने पर यह कार्रवाई की।
किसान की शिकायत पर एसडीएम सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने मामले की जांच कराई। जांच में लेखपाल दोषी पाया गया और उसने कोई ठोस साक्ष्य पेश नहीं किया। इसके बाद एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया। एसडीएम ने बताया कि किसान और लेखपाल दोनों के बयान दर्ज किए गए हैं और निष्पक्ष जांच के आधार पर कार्रवाई की गई है।