फतेहपुर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता। संवाद
फतेहपुर (बाराबंकी)। प्रस्तावित स्थान पर उपनिबंधक कार्यालय बनाए जाने की भनक लगते ही अधिवक्ता लामबंद हो गए। अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को तहसील चौराहा जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए बेमियादी कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी।
पहले भी बाईपास स्थित भूखंड पर उपनिबंधक कार्यालय बनाए जाने के विरोध में वकीलों ने 12 दिन की हड़ताल की थी। एसडीएम ने आश्वासन दिया था कि प्रस्तावित स्थल पर निर्माण प्रक्रिया अमल में नहीं लाई जाएगी। इस पर वकीलों ने 11 नवंबर को प्रदर्शन समाप्त कर दिया था।
बृहस्पतिवार को महामंत्री संजय सिंह को उपनिबंधक ने फोन से सूचना दी कि जिस स्थान पर उपनिबंधक कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है, अधिवक्ता उस पर सहमति दे दें। इसके बाद एसडीएम से वार्ता हुई लेकिन वकील संतुष्ट नहीं हुए और तहसील चौराहा को जामकर करीब आधे घंटे तक नारेबाजी की और उपनिबंधक कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
बार अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने कहा कि आमसभा की बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक लिखित रूप से यह नहीं दिया जाता है कि उपनिबंधक कार्यालय तहसील परिसर के आसपास ही बनेगा, तब तक कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। इस मौके पर प्रेमचंद्र पाल, राजीव नयन तिवारी, ओम प्रकाश यादव, अनीत रावत, नफीस अहमद व अवधेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।