तहसील हैदरगढ़ में गत दिनों वकील व राजस्व अमीन विवाद के मामले में शुक्रवार को वकीलों ने जमकर हंगामा किया। बाराबंकी-फैजाबाद हाईवे जामकर प्रदर्शन किया और सीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद वकीलों ने दीवानी न्यायालय परिसर से नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर सभा की। हाईवे जाम होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
उपनिबंधन कार्यालय हैदरगढ़ में गत 2 मई का राजस्व अमीन व वकील में विवाद हो गया था। अमीन सरजू प्रसाद, अवधेश तिवारी व समर बहादुर के साथ रजिस्ट्री कार्यालय दादूंपुर निवासी एक बकाएदार के घर वार्ता करने पहुंच गए।
उसके बाद अमीनों ने वकील अरविंद बाजपेई पर मारपीट का आरोप लगाया और रिपोर्ट दर्ज करवा दी थी। वकीलोें की तहरीर कोतवाली हैदरगढ़ में नहीं दर्ज की गई। इस दौरान क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ द्वारा अपमानजनक व्यवहार किए जाने का आरोप वकीलों ने लगाया।
तभी से जिले से वकील जिला एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोशित हैं। गुरुवार को वकील जिलाधिकारी से वार्ता करने पहुंचे। हैदरगढ़ व जिला बार पदाधिकारियों से कोई सार्थक वार्ता नहीं हो सकी थी। शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन के नेतृत्व में वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दीवानी न्यायालय परिसर मेें नारेबाजी करना शुरू कर दिया।
इसके बाद बस अड्डे से होते हुए वकीलों ने हाईवे जाम कर दिया। वकील जिला एवं पुलिस प्रशासन विरोधी नारे लगाने लगे। इसके बाद वकीलों का हुजूम डीएम कार्यालय पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान जिला बार के सभी पदाधिकारी व वकील मौजूद रहे।
हैदरगढ़ में भी हुआ विरोध प्रदर्शन : हैदरगढ़ में भी वकीलों ने लखनऊ मार्ग पर जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन व अनशन करने की चेतावनी दी।
शुक्रवार को तहसील बार एसोसिएसन के अध्यक्ष राम अचल मिश्र की अगुवाई में वकील पुलिस क्षेत्राधिकारी व उपजिलाधिकारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे तथा वहां एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर तीन दिन में मांगों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही।
इस दौरान बार उपाध्यक्ष जीतबहादुर सिंह, पूर्व अध्यक्ष यशकरन तिवरी, पूर्व महामंत्री अंजनी श्रीवास्तव, कुंवर बहादुर यादव, दीप कुमार सिंह, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
कानून के बाहर जाकर कोई भी मांग स्वीकार नहीं की जाएगी। हैदरगढ़ मामले में वकीलों ने ही अमीन के साथ हाथापाई की है। जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।- अजय यादव, जिलाधिकारी