बाराबंकी। शहर के व्यस्त पटेल तिराहे पर बुधवार को कार की भिड़ंत से युवा वकील की मौत हो गई जबकि पत्नी घायल है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता पाते ही जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार हैदरगढ़ क्षेत्र के बबुरिहा पुरवा मजरे गोतौना निवासी अधिवक्ता संदीप कुमार (25) पत्नी शिल्पी के साथ शहर के आवास विकास कॉलोनी में रहते थे। बुधवार शाम संदीप कचहरी से लौटकर पत्नी के साथ बाइक से बाजार गए थे। सामान लेने के बाद वह दोनों वापस आवास विकास कॉलोनी लौट रहे थे। पटेल तिराहे से आवास विकास की ओर मुड़ते समय सामने से आ रही एक कार से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद घायल दंपती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता संदीप को मृत घोषित कर दिया। पत्नी शिल्पी का इलाज भी गंभीर हालत में अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद काफी संख्या में स्थानीय वकील जिला अस्पताल पहुंच गए। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है।