हैदरगढ़। भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को हैदरगढ़ कोतवाली परिसर में ही हुए हमले में अधिवक्ता घायल हो गए। आरोप है कि डंडे और धारदार हथियार से हमला हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोतौना में शराब ठेके के पास हाईवे किनारे स्थित बेशकीमती जमीन को लेकर हरिपालपुर निवासी सोनू सिंह और कमेला निवासी निजी स्कूल के शिक्षक रवि प्रकाश तिवारी के बीच विवाद चल रहा है। शुक्रवार को इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे थे।
उसी बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रवि प्रकाश तिवारी ने अधिवक्ता अरविंद बाजपेयी पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर तहसील से बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली परिसर पहुंच गए। इससे वहां गहमागहमी का माहौल बन गया। सीओ समीर सिंह ने बताया कि विवाद कोतवाली गेट पर हुआ था। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।