जहांगीराबाद (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में एक फैक्टरी में टिनशेड बदलने के दौरान मजदूर नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। सुरक्षा के कोई संसाधन उपलब्ध कराए बगैर काम कराने के आरोप में ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
देवा थाना क्षेत्र के महोलिया गांव निवासी नसरूद्दीन का पुत्र आजाद (35) बृहस्पतिवार को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के पलिया मसूदपुर के पास स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करने गया था। उसके पिता के अनुसार यहां उसे पुराना टिनशेड बदलकर नया लगाने के लिए ठेकेदार अदनान ने आजाद को कई फीट ऊपर चढ़ा दिया था। आजाद को न तो कोई सेफ्टी बेल्ट दी गई थी और न ही हेलमेट।
टिनशेड पुराना होने के कारण टूट गया, जिससे आजाद नीचे आ गिरा। घायल युवक को उसके साथी मजदूर उसे आननफानन जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसएचओ जहांगीराबाद अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि ठेकेदार अदनान के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।