बाराबंकी। गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वालों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं, मगर अभी तक सभी कार्डधारकों और उनमें दर्ज नामों के कार्ड नहीं बनाए जा सके हैं। डीएम ने बैठक में इसका कड़ाई से अनुपालन कराए जाने के आदेश अपर जिलाधिकारी को दिए। एडीएम ने पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का आदेश डीएसओ को देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर सभी पात्रों के कार्ड हर हाल में बनवा दिए जाएं। इसमें सभी पूर्ति निरीक्षकों के साथ ही कोटेदारों को भी गरीबों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए कहा गया है।
जिले में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले (अंत्योदय कार्डधारकों) की संख्या एक लाख 13 हजार 883 है और इनमें दर्ज यूनिटों की संख्या तीन लाख 60 हजार 784 है। डीएम अविनाश कुमार की ओर से की गई समीक्षा में पाया गया कि अभी तक दो लाख 51 हजार 788 लोगों के ही आयुष्मान कार्ड बनाए जा सके हैं, जबकि अभी तक एक लाख नौ हजार लोग ऐसे हैं, जिनके कार्ड अभी तक नहीं बनाए जा सके हैं।
डीएम ने ऐसे पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का जिम्मा अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह को सौंपा। जिस पर एडीएम ने डीएसओ को पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी किए जाने के आदेश दिए हैं। डीएसओ डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि एडीएम से मिले आदेश के बाद विभाग ने इस दिशा में तेजी से कार्य करना शुरू कर दिया है। सभी पूर्ति निरीक्षकों के साथ ही कोटेदारों को भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि जो लोग आयुष्मान कार्ड से वंचित रह गए हैं, संबंधित से समन्वय स्थापित कर एक सप्ताह में सभी के कार्ड बनवाकर पूरी रिपोर्ट एडीएम को सौंप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।