रामनगर (बाराबंकी)। राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य विनोद कुमार पटेल ने शनिवार को सीएचसी रामनगर, ब्लॉक व नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में एक जुलाई से अब तक 10 सिजेरियन प्रसव कराए जाने का आंकड़ा देख उन्हें भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने हकीकत जानने के लिए प्रसूताओं के घर फोन मिलाकर तसल्ली की। उन्होंने सीएचसी पर प्रसव की संख्या बढ़ाने तथा आने वाले मरीजों को उचित इलाज व दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सुबह साढ़े 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो सबसे पहले उन्होंने परचा काउंटर पर मरीजों की स्थिति जानी। इसके बाद इमरजेंसी, एनबीएसयू, औषधीय वितरण कक्ष, लेबर रूम, एक्सरे व अल्ट्रासाउंड कक्ष का निरीक्षण किया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव ने बताया कि यहां रोज करीब 250 मरीजों की ओपीडी होती है। एक जुलाई से बेहोशी विशेषज्ञ डॉ. किरन की तैनाती होने के बाद 10 सिजेरियन प्रसव कराए गए हैं।
नगर पंचायत कार्यालय में उन्होंने निकाय में कार्यरत नियमित, संविदा व आउटसोर्स कर्मचारियों के विषय में जानकारी ली। सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास के आवंटन व पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की। रामनगर ब्लॉक सभागार में बैठक कर पंचायतों में कराए जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता में सुधार तथा मनरेगा से ग्रामीणों को अधिकाधिक रोजगार देने पर बल दिया। बीडीओ जितेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत अभय शुक्ला, एसीएमओ राजीव कुमार सिंह, एडीओ दलवीर सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।