बाराबंकी। नगर पालिका परिषद सभागार में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है। यूथ एसोसिएशन बीते 55 वर्षों से लगातार भव्य तरह से इसका आयोजन करता आ रहा है। पूजा के लिए बंगाल से विशेषतौर पर पुरोहित को बुलाया जाता है। पुरोहित कंचन सन्याल के सानिध्य में ढाक की गूंज और धूप की सुगंध के बीच होने वाली विशेष पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
नगरपालिका में नौ स्वरूपों के जीवंत दृश्य के साथ ही सिद्धि पूजा इसे खास बनाते हैं। 1968 तक जिले में मां दुर्गा की पूजा के सार्वजनिक आयोजनों की परंपरा नहीं थी। मात्र रेलवे स्टेशन मार्ग पर कुछ भक्त नवरात्र के दिनों में कन्या भोज की परंपरा निभाते थे। स्व. टीके राय ने पश्चिम बंगाल से बाराबंकी में आकर नागरिकों के सहयोग से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की परम्परा को शुरू कराया। वर्ष 2014 से इसके आयोजन की जिम्मेदारी यूथ एसोसिएशन के सभापति बृजलाल सालवानी निभा रहे हैं।