सरकार उसका पैसा चुकाएगी। उनकी स्मृति को वहां पुर्नजीवित करेगी। फीफा वर्ल्ड कप के स्पेन और अर्जेंटीना के बीच हुए मैच का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैच देखने वालों में क्या जज्बा था। ऐसे ही जब हॉकी का मैच होता है तो पूरे भारत की निगाहें स्वत: स्फूर्ति भाव के साथ उसमें लग जाती हैं, क्योंकि ये भारत का खेल है और इसको नई ऊंचाई प्रदान की थी मेजर ध्यानचंद और केडी सिंह बाबू की जोड़ी ने।
केडी सिंह बाबू की हवेली बिक जाए, ये कैसे हम स्वीकार कर सकते थे। हमने कहा नहीं, केडी सिंह बाबू की हवेली का पैसा हम चुकाएंगे और केडी सिंह बाबू के म्यूजियम का निर्माण हम वहां पर करेंगे। अच्छी सरकार ऐसे ही कार्य करके आगे बढ़ती है।
सनातन धर्म की पहचान है विरासत
मुख्यमंत्री बाेले, विरासत सनातन धर्म की पहचान है। इसी विरासत के संरक्षण के लिए अलग-अलग समय में अलग-अलग महापुरुषों ने अपना योगदान दिया। राजा बलभद्र सिंह चहलारी, लाखन पासी, महाराज बिजली पासी, महाराजा सुहेलदेव, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह महाराज ने देश की स्वाधीनता को बनाए रखने के लिए बलिदान दिया।
हमारी सरकार ने महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक बहराइच में उसी स्थान पर बनाया है, जहां पर महाराजा ने विदेशी आक्रांता सालार मसूद को मारा था। उसी स्थान पर हमने भव्य कॉरिडोर बनाया है। लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम से एक पीएसी की बटालियन गठित की है।
वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर गोरखपुर में पीएसी की एक बटालियन का गठन किया है। ऐसे ही बदायूं में अवंतीबाई लोधी के नाम पर पीएसी की महिला बटालियन का गठन किया है। महारानी दुर्गावती के नाम पर बांदा मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया। औरैया में लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया गया। अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट महर्षि वाल्मीकि के नाम पर और रैन बसेरा निषादराज के नाम पर बनाया गया है।
धर्म निरपेक्षता का मानक बन गया था कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुखर होकर कहा कि सनातन की सुदृढ़ नींव पर ही हमारा उज्ज्वल भविष्य निर्भर करेगा। सनातन सुरक्षित रहेगा तभी हम सब सुरक्षित रहेंगे। अगर सनातन के ऊपर खतरा आएगा तो कोई बच नहीं पाएगा। सपा और कांग्रेस में बांटने वाले लोग हैं। याद करना, जब आपके ऊपर संकट आता है, सबकी बोलती बंद हो जाती है।
यही कारण था कि पैसा आपका लेकिन वो पैसा खर्च होता था कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल के नाम पर। महादेवा के लिए पैसा नहीं मिलता था। अयोध्या के लिए पैसा नहीं मिलता था। काशी विश्वनाथ धाम और गोला गोकर्ण के नाम पर पैसा नहीं मिलता था। इसको वे सांप्रदायिक कहते थे। कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनाना उनके लिए धर्म निरपेक्षता का एक मानक बन गया था।
कांवड़ यात्रा पर रोक लगा देना। जन्माष्टमी के आयोजन प्रतिबंधित कर देना। रामनवमी की शोभायात्रा को रोक देना। दुर्गा पूजा के पंडालों को प्रतिबंधित करना। इसको धर्म निरपेक्षता का मानक मानते थे। योगी ने कहा कि हमें ऐसे धर्म निरपेक्षता को उखाड़ फेंककर सनातन की सुदृढ़ भूमि पर एक सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना पड़ेगा। एक सुरक्षित भारत के लिए काम करना पड़ेगा।
...हमने सिर्फ मुंह घुमा दिया
कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके समय में बेइमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक प्रधानमंत्री तो यहां तक बोले कि 100 रुपये भेजता हूं, नीचे केवल 15 रुपये जाता है। 85 रुपये बेईमान खा जाते हैं। चाहे वो समाजवादी पार्टी की डकैती हो या कांग्रेस की लूट, ये वही पैसा है जो आज नौजवान को स्काॅलरशिप के रूप में मिल रहा है।
बेटी की शादी हो जा रही है। युवाओं को टैबलेट उपलब्ध हो रहा है। किसान सम्मान निधि का लाभ मिल जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास या मुख्यमंत्री आवास इसी पैसे से बनाया जा रहा है। इसी पैसे पर ये डकैती डालते थे। जिसको डबल इंजन की सरकार ने मजबूती से रोका। ये जो विकास हो रहा है, कॉरिडोर बन रहा है लोधेश्वर महादेव का।
ये वही पैसा है, जो पहले कब्रिस्तान के नाम पर डायवर्ट करते थे, हमने उसका मुंह केवल घुमा दिया। हमने कहा, उधर नहीं ये पैसा इधर आना चाहिए। भगवान लोधेश्वर महादेव का कॉरिडोर बनेगा तो उनकी कृपा से बाराबंकी विकास करेगा।
कमल के फूल को लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर में बीजेपी का कमल खिला होता तो यह क्षेत्र भी विकास की बुलंदियों को छू रहा होता। यहां के जनप्रतिनिधि को फुरसत ही नहीं है विकास के बारे में चर्चा करने के लिए। उन्होंने एक बार भी विकास कार्यों का प्रस्ताव नहीं दिया। विकास उनके एजेंडे में नहीं है। विकास उनके एजेंडे में होता तो रामनगर नहीं पिछड़ता।
कहा कि अच्छे लोगों को चुनेंगे तो वे वर्तमान तो ठीक करेंगे ही, उज्जवल भविष्य की आधारशिला भी रखेंगे। ये भाजपा का कमल ही करा सकता है। बोले, आज लोधेश्वर महादेव की पूजा करते समय मुझे सुंदर कमल चढ़ाने को मिला। इसका मतलब कमल के फूल को लोधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त हो गया। आश्वस्त करने आया हूं कि विकास के नाम पर कोई छल नहीं कर सकता है।