महादेवा (बाराबंकी)। श्री लोधेश्वर महादेवा में कांवड़ियों की धूम मची है तो सड़कों पर कांवड़ लाने वाले भक्तों का रेला दिख रहा है। उधर, डीजे पर बज रहे भजनों पर कांवड़िये थिरक रहे हैं। चहुंओर भक्तिमय माहौल है। पैदल कांवड़िया की संख्या में रविवार को इजाफा नजर आया।
महाशिवरात्रि 11 मार्च को है। ऐसे में कांवड़िये कानपुर के बिठूर से गंगा जल लेकर भोले की नगरी पहुंच रहे हैं। सड़कों पर कांवड़ ही कांवड़ का सैलाब नजर आ रहा है। इससे माहौल एकदम शिवमय हो गया है। डीजे पर बाबा भोलेनाथ के बजते गीतों की धुन पर नाचते-झूमते भोले भक्त अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे हैं।
शिव भक्त बाइक से भी अलग-अलग तरीके से गंगाजल ला रहे हैं। शिवभक्तों में बाइक से गंगाजल लाने का क्रेज बढ़ रहा है। वैसे तो पिछले सालों में भी बाइक से कांवड़िये गंगाजल लेकर आते रहे हैं लेकिन इस बार और अधिक क्रेज दिखाई दिया।
फाल्गुन मास में 11 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा। पर्व के महज चार दिन शेष रहने के कारण उत्तर भारत के उरई, जालौन, झांसी, उन्नाव, हरदोई समेत कई जिलों के श्रद्धालु बिठूर से गंगाजल कांवड़ में लेकर महादेवा की ओर आते दिख रहे हैं। आने वाले कांवड़ियों का सैलाब दिन भर सड़कों पर उमड़ा रहा है। जगह-जगह शिव भक्तों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर रुककर कांवड़िये जलपान कर रहे हैं।