बहराइच-बाराबंकी मार्ग पर मसौली के पास कल्याणी नदी पर बना पुल शुक्रवार शाम दरक गया। पुल के बीचो-बीच चार इंच चौड़ी दरार पड़ने से अफरातफरी मच गई। मौके पर आनन-फानन में पहुंची पुलिस ने मार्ग का डायवर्जन कर गाड़ियों को निकलने से रोक दिया और पीएनसी के ठेकेदार की मदद से पुल को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू करा दिया। आवागमन बंद होने से लंबा जाम लग गया।
मसौली चौराहा के निकट बहराइच-बाराबंकी मार्ग पर कल्याणी नदी पर अंग्रेेजों के समय के बने पुल में शुक्रवार की शाम दरार पड़ गई। पुल के बीचों-बीच में अचानक चार इंच चौड़ी दरार पड़ने से हड़कंप मच गया। एक बाइक सवार ने पुल में दरार की सूचना आसपास के लोगों व भयारा मोड़ के पास बैठे पुलिस कर्मियों को दी। पुलिस पिकेट पर तैनात सिपाही जगन्नाथ, सतनाम, व अनिल वर्मा ने सक्रियता दिखाते हुए वाहनों के निकलने पर अचानक रोक लगा दी। जाम लगने के कारण पुलिस ने मार्ग डायवर्ट कर दिया।
रामनगर की ओर जाने वाले वाहनों को भयारा रोड व रामनगर की ओर से बाराबंकी जाने वाले वाहनों को रानीबाजार मोड़ व बदोसरांय जाने वाले वाहनों को बड़ागांव मार्ग होते हुए डायवर्जन कर दिया। मार्ग चौड़ा करने का कार्य कर रही पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों ने आनन-फानन में पुल के मरम्मत शुरू कर दी। मसौली थाना प्रभारी अनिल वर्मा ने बताया कि पुलिस मौके पर है पुल से गुरजने वाले वाहनों को रोक की उसके रूट के हिसाब से डायवर्ड किया जा रहा है।