मां भगवती राणी सती दादीजी का मंगल महोत्सव शनिवार को धूूमधाम से श्रद्धा व भक्ति कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ। सुबह गाजे बाजे के बीच मारवाड़ी परिधानों से सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर नारायणी नमो नमो शोभा यात्रा निकाली। गाजे बजे संग निकली कलश यात्रा में भजनों पर श्रद्धालु थिरकते आगे बढ़ते रहे। शाम को भजन कीर्तन में भक्तिरस की धारा बह उठी। काजल सिंह, सौरभ, विकास व कुंवर तेजस के भजनों ने खूब समां बांधा।
रामलीला कोठी के हनुमान मंदिर से शनिवार की सुबह राणी सती सेवा संस्था ने नारायणी नमो नमो मंगल कलश यात्रा निकाली। एक ही रंग के मारवाड़ी परिधानों से सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा निकाली। यात्रा में कोलकाता से आई चांदी की दादीजी की पालकी का विशेष आकर्षण रहा। मंगल कलश यात्रा में पुष्पलता झुनझुनवाला, लक्ष्मी, प्रियंका, रेनू केडिया, रेनू कंडोई, शांति, पूनम आदि सबसे आगे चल रही थी। मंगल कलश यात्रा में म्यांमार से आए रामकिशन, श्रवण कुमार सहित कई प्रांतों व जिले के भक्त शामिल हुए। पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित ने मुख्य चौराहे पर आरती उतारी। रविवार को नारायणी नमो नमो भाजनोत्सव में कुंवर तेजस द्वारा मंगलपाठ होगा व भंडारे में प्रसाद वितरित किया जाएगा।