बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के बाराबंकी-बहराइच नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में गोंडा के सिविल कोर्ट में तैनात जिले के निवासी कनिष्ठ सहायक की मौत हो गई, जबकि उनका साथी घायल हो गया। ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला। यह हादसा सीसीटीवी में कैद हो गया।
मसौली थाना क्षेत्र के सआदतगंज कस्बे के मूल निवासी बैकुंठ नाथ दुबे एआरटीओ ऑफिस में कर्मचारी हैं। वे शहर के जेब्रा पार्क स्थित कॉलोनी में रहते हैं। उनके तीन पुत्रों में मंझला बेटा वीरेंद्र कुमार दुबे (25) गोंडा जिले की सिविल कोर्ट में कनिष्ठ सहायक के पद पर था। सोमवार सुबह वीरेंद्र बाराबंकी रेलवे स्टेशन से गोंडा जाने के लिए निकले थे। इस दौरान रामनगर निवासी आकाश मौर्य (24) जो गोंडा सिविल कोर्ट में ही कार्यरत हैं, ने वीरेंद्र से कहा कि वह बाइक से उनको गोंडा छोड़ देगा। परिजनों के मुताबिक वीरेंद्र बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर उतर गए और वहीं से दोनों बाइक से गोंडा की ओर चल पड़े। जैसे ही वे रामनगर कस्बे के पास हाईवे के मोड़ पर पहुंचे। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पर गिरे वीरेंद्र को ट्रक कुचलता हुआ निकल गया। जबकि बाइक चालक आकाश मौर्य जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही वीरेंद्र के पिता बेसुध हो गए। परिजनों के मुताबिक वीरेंद्र अविवाहित थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन, सहकर्मी और बाराबंकी कोर्ट के कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। कोतवाल रामनगर अनिल कुमार पांडेय ने बताया ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।