बाराबंकी। जिला अस्पताल का दर्जा हासिल होने के बाद भी संस्थागत प्रसव में संयुक्त चिकित्सालय सिरौलीगौसपुर फिसड्डी साबित हो रहा है। जबकि परिसर में ही संचालित सीएचसी जिले में दूसरे स्थान पर है। यह हाल तब है जब इसे लेकर जिलाधिकारी सीएमएस से नाराजगी तक जता चुके हैं, इसके बाद भी हालात में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। प्रसव के मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से रुचि न लिए जाने से यहां आने वाली प्रसूताओं को गंभीर बता रेफर कर दिया जाता है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी रिपोर्ट के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में 6085 संस्थागत प्रसव कराकर जिला महिला अस्पताल जिले में पहले स्थान पर है। 4,752 प्रसव कराकर सीएचसी सिरौलीगौसपुर को दूसरे स्थान जबकि 3797 प्रसव कराकर सीएचसी सूरतगंज तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा घुंघटेर में 3688, बडागांव में 3094, सिद्धौर में 2803, फतेहपुर में 2652, देवा में 2516, हैदरगढ़ में 2504, दरियाबाद में 2270, रामसनेहीघाट में 2467, टिकैतनगर में 2330 संस्थागत प्रसव कराए गए।
इनमें सबसे खराब स्थिति जाटा बरौली सीएचसी की है यहां पर 330 प्रसव ही कराए जा सकें हैं। त्रिवेदीगंज में 1893, रामनगर में 1474 और सतरिख में 1144 तथा जैदपुर में 587 प्रसव ही कराए जा सके। इस तरह से देखा जाए तो जिले में पिछले साल 44466 संस्थागत प्रसव कराए गए। इससे साफ है कि यहां के चिकित्सक और कर्मी शासन प्रशासन के सख्त निर्देशों के बाद भी संस्थागत प्रसव कराने में ज्यादा रुचि नहीं दिखा रहे हैं। नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव ने बताया कि ज्यादा से ज्यादा संस्थागत प्रसव सरकारी अस्पतालों में कराए जाएं इसका पूरा प्रयास रहता है। इस संबंध में सभी अधीक्षकों को सीएमओ स्तर से निर्देश भी जारी किए गए हैं। संस्थागत प्रसव के मामले में बेहतर प्रदर्शन न करने वाले अधीक्षकों से जवाब तलब भी होगा।