बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र की लक्ष्मणपुरी कालोनी में बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी समेट ले गए। वारदात का पता उस समय चला जब परिवार गांव से वापस लौटा और घर के अंदर कमरे का ताला टूटा मिला।
लक्ष्मणपुरी कालोनी निवासी जगदंबा सिंह पत्नी के निधन के बाद असंद्रा थाना क्षेत्र के सूर्यपुर गांव गए हुए थे। शनिवार की शाम वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर कमरे का ताला टूटा पड़ा है और सामान अस्त-व्यस्त है। अलमारी व बक्सों की जांच करने पर करीब 40 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 40 हजार रुपये नकद गायब मिले।
पीड़ित के अनुसार पड़ोस की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां कैद हुई हैं। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी है। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।