बाराबंकी। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सीतापुर निवासी सराफा कारोबारी पर हमला कर बदमाश करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए थे। घायल कारोबारी का लखनऊ के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर लूट का केस दर्ज किया है। डॉग स्क्वाॅयड व फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का जायजा लिया है। क्राइम ब्रांच भी लगाई गई है।
सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला बेलदारी टोला निवासी नरेंद्र सिंह उर्फ मनोज 20 साल से जिले के बड्डूपुर कस्बे में सराफा की दुकान चलाते हैं। सोमवार की रात जब वह रोज की तरह बाइक से महमूदाबाद लौट रहे थे तभी डफरपुर के पास पीछे से आए दो बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद उनकी पिटाई कर जेवर से भरा बैग लेकर भाग गए। रात में ही महमूदाबाद सीएचसी से परिजन उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए।
कारोबारी के पुत्र प्रांजुल की तहरीर पर बड्डूपुर थाने में दो बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया गया है। प्रांजुल ने बताया कि हमले में घायल पिता का काफी खून बह चुका था। हालात खतरे से बाहर बताते हुए चिकित्सकों ने ऑपरेशन की बात कही है। बदमाश करीब 100 ग्राम सोने व आठ किलो चांदी के जेवर लूट ले गए हैं, जिनकी कीमत 12 लाख रुपये से अधिक है। एएसपी उत्तरी सीएन सिन्हा ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।