भिटरिया से अपनी बुजुर्ग मां को बाइक पर बैठा कर घर वापस जा रहे युवक को लखनऊ की ओर जा रही जीप ने पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। इस हादसे में जहां महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे स्थानीय नर्सिंग होम लाया गया जहां से लखनऊ भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार को दोपहर बाद करीब साढे़ तीन बजे कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के उपरापुर राय साहब गांव निवासी लगभग 40 वर्षीय भवानी प्रसाद अपने बुजुर्ग मां लगभग 65 वर्षीय फूलकला पत्नी रामदास को बाइक से भिटरिया किसी कार्य से आया था।
यहां से वापस जाते समय अपने गांव को जाने के लिए जैसे ही भगवानपुर मोड़ से मुड़ा तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार मैक्स जीप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक जीप में ही घुस गई तथा बाइक पर पीछे बैठी फूलकला काफी दूर तक घिसटती चली गईं जिससे उनके शरीर के चीथड़े उड़ गए।
वहीं पुत्र भवानी प्रसाद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों द्वारा घायल को तत्काल भिटरिया स्थित एक नर्सिंगहोम लाया गया जहां गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। राहगीरों ने जीप चालक को पकड़कर जमकर पीटा फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पीएम के भेज दिया है।