बाराबंकी। शहर में अवैध कब्जों को ध्वस्त कराने के लिए नगर पालिका की जेसीबी गरजने लगी है। मंगलवार को अभियान की शुरुआत कटरा बारादरी में तालाब एवं सड़क पर कब्जा कर बनाए गए कच्चे-पक्के निर्माण को ध्वस्त कराने से हुई। नगर पालिका की टीम ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ सात लोगों के अवैध निर्माण ध्वस्त कराए।
शहर के मोहल्ला कटरा बारादरी में 80 फिटा रोड एवं तालाब की भूमि पर 37 लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इससे रोड महज 20 फिट की रह गई है और तालाब का अस्तित्व भी संकट में आ गया है। मंगलवार शाम एसडीएम सदर विनोद कुमार त्रिपाठी, सीओ डॉ. बीनू सिंह, तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी, कोतवाल संजय मौर्य व पुलिस बल के साथ नगर पालिका के ईओ पवन कुमार टीम लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे। यहां दो जेसीबी लगाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान दिनेश के अवैध निर्माण में महिलाएं घुस गई थीं। इस पर महिला थाना प्रभारी आशा शुक्ला व उनकी टीम के साथ पीएसी को भी बुलाया गया। महिलाओं को बाहर निकालने के बाद पुन: ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया गया। दिनेश कुमार, सुंदरलाल, नरेश, संतोष, विशाल व अधिवक्ता लाल सिंह समेत सात लोगों के अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। ईओ ने बताया कि जिन लोगों को नोटिस जारी की गई है, वह स्वयं अपना कब्जा हटा लें। नहीं हटने पर अभियान चलाकर कब्जे ध्वस्त कराए जाएंगे।
अधिवक्ता लाल सिंह ने अपने घर के सामने अवैध कब्जा कर गाड़ी खड़ी करने के लिए गैरेज व दो कमरे भी बनवा रखे थे। अभियान शुरू होने के साथ ही अपना अतिक्रमण बचाने के लिए अधिकारियों से तमाम सिफारिश लगवाई, लेकिन वह काम न आई।