टिकैतनगर (बाराबंकी)। क्षेत्र के बेलखरा गांव में शनिवार को एसडीएम रामसनेहीघाट अनुराग सिंह ने अवैध मिट्टी खनन में लगी जेसीबी और एक डंपर को सीज करा दिया। एसडीएम को सूचना मिली थी कि बेलखरा गांव में बिना अनुमति के बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इस पर वह नायब तहसीलदार व लेखपाल के साथ मौके पर पहुंचे। अवैध खनन में प्रयोग की जाने वाली जेसीबी और डंपर को पुलिस के हवाले कर सीज करा दिया। उन्होंने बताया कि जिला खनन अधिकारी को मौके पर बुलाकर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।