तीन दिन जिंदगी-मौत के बीच झूलने के बाद तोड़ा था दम
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ व धमकी से तंग आकर छात्रा की मौत होने के मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी युवक को धर दबोचा। पुलिस ने उसे जेल भेजा है। छेड़छाड़ के केस में आत्महत्या के लिए उसकाने की धारा बढ़ा दी गई है। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण गांव में पुलिस तैनात है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक गांव में बीते दो अप्रैल को 15 वर्षीय छात्रा गांव के बाहर शौच के लिए गई थी। इस दौरान गांव के ही युवक सलमान ने छात्रा से छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर उसके गले में फंदा डालकर जान से मारने का प्रयास भी किया था। मां के मौके पर पहुंचने के बाद युवक भाग गया था। इस घटना से आहत छात्रा ने जहर खा लिया था। उसे जिला अस्पताल से लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया था। बुधवार को छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद बृहस्पतिवार को छात्रा का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। कड़ी सुरक्षा में छात्रा के शव का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने रात में ही आरोपी युवक सलमान को गिरफ्तार कर लिया। बृहपतिवार को उसे जेल भेज दिया गया। एसएचओ अशोक सिंह ने बताया कि गांव में शांति बनी है। पुलिस तैनात है।
..................................
बाक्स-
बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाला दबोचा गया
कोटवाधाम (बाराबंकी)। आठ वर्ष की छात्रा से दुष्कर्म करने के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने दबोच लिया। बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रमेश नामक व्यक्ति बच्चियों को अपने घर पर ही ट्यूशन पढ़ाता था। बुधवार शाम मकान के अगले कमरे में क्लास समाप्त करने के बाद रमेश ने सभी को तो घर भेज दिया था मगर कक्षा तीन की एक छात्रा को रोक लिया था। शिक्षक ने कमरा बंद कर बच्ची को नशे की गोली खिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बच्ची को गंभीर दशा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल भेजा गया है। बुधवार रात में ही पुलिस ने आरोपी रमेश को सरयू नदी के किनारे सराय सुर्जन गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि, बालिका का इलाज कराया जा रहा है। आरोपी जेल गया है।