बाराबंकी। 18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और नकलविहीन तरह से कराया जाएगा। परीक्षा की शुचिता को कायम बनाए रखने के लिए इस बार परीक्षा केंद्रों की निगरानी पुलिस व प्रशासन के साथ ही खुफिया एजेंसियों और स्पेशल टास्क फोर्स के स्तर से भी होगी।
जिले में यूपी बोर्ड के लिए 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 78 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के लगभग 42 हजार से ज्यादा और इंटरमीडिएट के 36 हजार से अधिक परीक्षार्थी हैं।
परीक्षा अवधि के दौरान एलआईयू समेत अन्य खुफिया तंत्र सक्रिय रहेंगे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम, डबल लॉक आलमारी और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और प्रश्नपत्रों के वितरण की प्रक्रिया पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई जाएगी।
परीक्षा को सुचारु ढंग से संचालित करने के लिए 110 परीक्षा केंद्रो पर केद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापक की नियुक्त भी कर दी गई है। जिले को जोन और सेक्टर में विभाजित किया जा रहा है। प्रत्येक सेक्टर में सीमित संख्या में केंद्र रखे जाएंगे तथा हर परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व निगरानी की व्यवस्था को पूरी तरह से चाकचौबंद रखा जाएगा।