बाराबंकी। कोरोना का संक्रमण अब जानलेवा बनता जा रहा है। इसकी चपेट में आकर जिले में एक बीमा एजेंट की मौत हो गई। परिवारीजनों ने प्रशासन को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार करा दिया लेकिन इसके बाद आई जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिवारीजनों में हड़कंप मच गया है।
गांव पहुंची चिकित्सकों की टीम ने परिवार के सभी दस लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया है तथा जो लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे उन लोगों को होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं। वहीं दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में विकास भवन की एक महिला कर्मचारी समेत 15 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
हैदरगढ़ क्षेत्र के खरसतिया गांव निवासी महेश अवस्थी (55) बीमा एजेंट थे जो कई दिनों से बीमार चल रहे थे। परिवारीजनों के मुताबिक वह मधुमेह और क्षयरोग से भी पीड़ित थे। हालत बिगड़ने पर चार दिन पहले कस्बे में ही एक निजी चिकित्सक को दिखाया गया था लेकिन हालत में कोई सुधार न होने पर परिवारीजनों ने मंगलवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इनकी कोरोना की जांच भी कराई गई लेकिन बुुधवार को मौत हो जाने पर परिवारीजनों ने प्रशासन को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया लेकिन बुधवार की दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिवारीजनों में हड़कंप मच गया है।
उधर जानकारी पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सभी दस लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया है तथा अंतिम संस्कार में जो लोग शामिल हुए थे उन्हें होम क्वारंटीन में रहने के निर्देेश दिए गए हैं।
हैदरगढ़ एसडीएम योगेंद्र कुमार ने बताया कि खरसतिया गांव निवासी एक अधेड़ की मौत होने की जानकारी मिली है। जांच में पाया गया है कि मौत के बाद आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जिस पर परिवार के सभी दस लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है पूरे मामले की जांच स्वास्थ्य विभाग की टीम से कराई जा रही है। जितने लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे सभी को होम क्वारंटीन में रहने के आदेश दिए गए हैं।
दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में विकास भवन में कार्य करने वाली एक महिला कर्मचारी तथा फतेहपुर के इस्लामनगर की रहने वाली एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा कोरोना पीड़ित के संपर्क में आने से वजीउद्दीनपुर के छह लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
वहीं अहमदपुर का एक, हैदरगढ़ सब्जी मंडी का एक, कोठी के नौबस्ता का एक, सतरिख कस्बे का एक और मुज्जफरपुर बीबीपुर का एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि दोपहर बाद आई जांच रिपोर्ट में जिले के 15 और लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं जिस पर सभी को अस्पताल में भर्ती कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को दिए गए हैं।