पंचायत चुनाव में भी ज्यादा से ज्यादा वोटिंग के लिए आयोग ने मतदाताओं की सभी सुविधाएं दिए जाने के आदेश जिलाधिकारियों को दिए हैं। मतदान केन्द्र से सौ मीटर की दूरी तक मतदाता अपने परिवारीजनों को वाहन से ले जा सकेंगे। मतदान के लिए किसी प्रत्याशी के बस्ते पर जाने की जरूरत नहीं है।
पूरी मतदाता सूची आन लाइन कर दी गई। मतदाता इंटरनेट पर सूची को देख सकता है। उसे उसका क्रमांक नंबर और मतदेय स्थल का पता चल जाएगा। मतदान केन्द्र पर पेयजल और प्रसाधन की व्यवस्था भी की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदेय स्थलों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
प्रशासन का प्रयास है कि मतदेय स्थलों को ज्यादा दूरी पर न बनाया जाए जिससे अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आयोग के निर्देशों का अनुपालन कराने के आदेश दिए हैं।
बरनेबुल कहे जाने वाले मतदेय स्थलों पर प्रशासन की कड़ी नजर है। इन पर नजर रखने के लिए इस बार जिला प्रशासन ने मोबाइल टीमें गठित करने का निर्णय लिया है। जिससे मतदान के दिन किसी प्रकार की गड़बडी न हो सके। इसके लिए अधिकारियों की एक टीम गठित की जा रही है। जो इन मतदान केंद्रों पर नजर रखेगी।
पंचायत चुनाव में मतदाओं को सहूलियत दिए जाने के आयोग से जो भी निर्देश मिले हैं उसका पूरी तरह से अनुपालन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी भी दी गई है कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। -हरिकेश चौरसिया, अपर जिलाधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी