सुल्तानपुर। निकाय चुनाव के दौरान थाना परिसर में घुसकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप से जुड़े मामले में विधायक राकेश प्रताप सिंह के खिलाफ गवाही के लिए सोमवार को इंस्पेक्टर जिलेदार यादव एमपी-एमएलए कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। वहीं, विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा भी अवकाश पर रहे। इससे मामले की कार्यवाही बाधित रही। अगली सुनवाई के लिए 25 नवंबर की तारीख तय की गई है।
अमेठी जिले के गौरीगंज थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने 10 मई 2023 की घटना बताते हुए नगर पालिका परिषद के चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन का आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली में विधायक राकेश प्रताप सिंह व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विधायक के खिलाफ आरोप की पुष्टि करते हुए आरोप पत्र भी तैयार हुआ। फिलहाल, संबंधित धारा परिवाद से जुड़ी होने की वजह से निरीक्षक जिलेदार यादव की तरफ से उनके खिलाफ परिवाद दर्ज कराया गया। इस मामले में कई पेशियों से निरीक्षक जिलेदार यादव को गवाही के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन वह कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे हैं।